समीक्षा बैठक लेने बिलासपुर पहुंचे भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, नेता प्रतिपक्ष और जिला पदाधिकारियों के बदलने पर चर्चा

आलोक मित्तल

मिशन 2023 की तैयारी में भाजपा प्रदेश संगठन में व्यापक बदलाव किया जा रहा है। इसी संबंध में महत्वपूर्ण बैठक लेने भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल बिलासपुर पहुंचकर संभाग स्तरीय बैठक ले रहे हैं। इससे पहले वे मां महामाया के दर्शन कर ले रतनपुर गए थे, जहां से लौटकर वे भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं। ऐसा समझा जा रहा है कि इस बैठक के बाद जिला अध्यक्ष व संगठन के नेताओं में फेरबदल किया जाएगा। इस बैठक नेता प्रतिपक्ष के बदले जाने की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार नेता प्रतिपक्ष के लिए शिवरतन शर्मा और नारायण चंदेल के नामों पर विचार किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की वापसी के लिए पार्टी को मजबूत करने के इरादे से अजय जामवाल को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। करीब 10 दिन पहले उन्होंने रायपुर में प्रदेश पदाधिकारियों कोर ग्रुप संभाग और जिला प्रभारियों के साथ मीडिया विभाग और आईडी सेल की बैठक ली थी।

बताया जा रहा है कि इसी आधार पर संघ से जुड़े बिलासपुर सांसद अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के पीछे संघ की नाराजगी को भी वजह बताया जा रहा है, इसलिए जामवाल की कोशिश होगी कि संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच की खाई को पाटा जाए। यही कारण है कि भाजपा संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं को महत्व दे रही है। बताया जाता है कि अजय जामवाल संगठन के माहिर खिलाड़ी हैं, उन्होंने पंजाब चंडीगढ़ जम्मू कश्मीर और नार्थ ईस्ट में बेहतर कार्य किया है । अब छत्तीसगढ़ में भी उसी चमत्कार को दोहराने की अपेक्षा की जा रही है। माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष और बिलासपुर जिला स्तर पर भी पदाधिकारियों में बदलाव हो सकता है। जानकर बता रहे हैं कि बिलासपुर जिले में जिस तरह से अमर अग्रवाल के करीबी, संगठन में कब्जा जमाए बैठे हैं, उस पर नकेल कसने की कोशिश पार्टी कर रही है । बिलासपुर के सांसद को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भी पार्टी ने अमर अग्रवाल के पर कतरे हैं, तो वही उनके करीबियों को संगठन से भी हटाया जा सकता है, ताकि बिलासपुर में भाजपा को नए सिरे से खड़ा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!