

बिलासपुर/तखतपुर। कहते हैं जिसकी लाठी उसकी भैंस। अभी हाल ही में रतनपुर क्षेत्र में शराबी बेटे को मना करने पर उसने अपने अपाहिज पिता की हत्या कर दी थी। अब ठीक उससे उल्टा मामला सामने आया है जहां पिता ने शराबी बेटे की हत्या कर दी । तखतपुर थाना क्षेत्र के कुसमुली गांव में सोमवार को पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे बेटे और पिता के बीच मोटरसाइकिल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने डंडे से बेटे के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक विजेंद्र कुमार श्रीवास (30) निवासी कुसमुली, शराब के नशे में घर पहुंचा और मोटरसाइकिल बनवाने के नाम पर अपने पिता मोहित श्रीवास (56) से विवाद करने लगा। इस दौरान विजेंद्र ने मोटरसाइकिल अपने पास रखने की बात कही, जिस पर पिता ने आपत्ति जताते हुए मोटरसाइकिल के पैसे की मांग की।
बताया गया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मृतक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद के दौरान गुस्से में आए पिता ने डंडे से बेटे के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहित श्रीवास को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
