
बिलासपुर। जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो चोरी की वारदातों में अज्ञात बदमाशों ने एक ओर सीएएफ के आरक्षक के सूने मकान को निशाना बनाया, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूल से एलईडी टीवी और एंप्लीफायर पार कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरक्षक के घर से नकदी और चांदी के जेवर चोरी
सकरी स्थित दूसरी बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) में पदस्थ आरक्षक प्रेमलाल यादव के बिरकोना स्थित मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई की शाम किरायेदार घर बंद कर चली गई थीं। 19 जुलाई की सुबह लौटने पर कमरे और पेटी का ताला टूटा मिला तथा उसमें रखे 5 हजार रुपये नकद गायब थे।
सूचना मिलने पर आरक्षक ने अपने हिस्से की जांच की तो वहां भी पेटी का ताला टूटा मिला। चोर पेटी में रखी आठ पुरानी चांदी की चूड़ियां और नकदी लेकर फरार हो चुके थे। आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सरकारी स्कूल से एलईडी टीवी और एंप्लीफायर पार
दूसरी घटना शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोरमी में हुई। यहां अज्ञात चोर मेन चैनल गेट को नीचे से फैलाकर स्कूल परिसर में घुस गए और कमरों के ताले तोड़ दिए। चोर कक्षा तीसरी में लगा एलईडी टीवी तथा दूसरे कमरे में रखा एंप्लीफायर चोरी कर ले गए।
प्रधान पाठक सकल राम धीरज ने बताया कि 14 जुलाई की शाम स्कूल बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह सफाई कर्मचारी विनोद गहरवार ने ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस दोनों मामलों में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
