

बिलासपुर। बाल संप्रेषण विशेष गृह के चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या के बाद पिछले 10 दिनों से चल रहा धरना मंगलवार रात समाप्त हो गया। प्रशासन द्वारा विभिन्न मदों से 11.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मृतक के बेटे को संविदा अथवा कलेक्टर दर पर नौकरी देने के आश्वासन के बाद परिजन और समाज के लोग सहमत हो गए। इसके बाद बुधवार को सिम्स प्रबंधन ने पुलिस की मौजूदगी में नरेंद्र खांडे का शव परिजनों को सौंपा, जहां से शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

गौरतलब है कि सरकंडा के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेषण विशेष गृह में 12 जुलाई की रात चार अपचारी बालकों ने चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या कर दी थी और फरार हो गए थे। घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने मुआवजे एवं परिवार के पुनर्वास की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया था। प्रारंभिक मांगों में एक करोड़ रुपये का मुआवजा, पत्नी को 15 हजार रुपये मासिक पेंशन, बेटे को सरकारी नौकरी तथा बेटी की पढ़ाई और विवाह का पूरा खर्च प्रशासन द्वारा उठाने की मांग शामिल थी।
धरने के दसवें दिन मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिम्स में भर्ती कराया गया, जिसके बाद प्रदर्शन और तेज हो गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन लगातार परिजनों एवं समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत करते रहे। बाद में समाज की ओर से 35 लाख रुपये मुआवजे की मांग रखी गई, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद 11.50 लाख रुपये के पैकेज पर सहमति बन गई।
समझौते के तहत 5 लाख रुपये बेटी के विवाह, 5 लाख रुपये स्वेच्छा अनुदान, 1 लाख रुपये महिला एवं बाल विकास विभाग तथा 50 हजार रुपये रेडक्रॉस की ओर से दिए जाएंगे। इसके अलावा परिवार के भरण-पोषण के लिए मृतक के बेटे को संविदा अथवा कलेक्टर दर पर नौकरी देने का आश्वासन भी प्रशासन ने दिया है।

तीन अपचारी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी
हत्या के बाद फरार हुए चार अपचारी बालकों में से पुलिस अब तक तीन को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि चौथे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार चौथा अपचारी कटघोरा में अपने साथियों से अलग होकर चौकीदार की बाइक लेकर फरार हो गया था। उसके रायगढ़ में होने की सूचना पर एसीसीयू की टीम ने दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच बुधवार को चौकीदार की बाइक मध्यप्रदेश के अनूपपुर से बरामद कर ली गई।
पुलिस ने एक अपचारी को प्रयागराज से, दूसरे को पटना के एक निजी अस्पताल में गार्ड की नौकरी करते समय और तीसरे को उसके परिजनों की निशानदेही पर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। तीसरे अपचारी को लेकर पुलिस टीम बुधवार को बिलासपुर पहुंची। चौथे फरार अपचारी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
