

बिलासपुर। नगर निगम ने बिना वैधानिक अनुमति संचालित हो रहे एक ओयो होटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। सिरगिट्टी मेन रोड स्थित मुक्तिधाम चौक के पास संचालित ‘द गोल्डन स्टे’ होटल के विरुद्ध लगातार संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में होटल के बिना आवश्यक अनुमति और लाइसेंस के संचालित पाए जाने पर निगम ने तत्काल कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर निगम की टीम ने होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि होटल आवश्यक वैधानिक अनुमति के बिना संचालित किया जा रहा था। इसके बाद निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालकों ने विरोध भी किया, लेकिन निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई पूरी की।
नगर निगम के अनुसार संबंधित भवन के मालिक श्रद्धेय गुप्ता हैं। भवन को यश ब्रदर्स द्वारा पूरन सिंह (भागीदार) और नागेश्वर यादव को ओयो होटल संचालन के लिए किराए पर दिया गया था।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि निगम क्षेत्र में बिना लाइसेंस और वैधानिक अनुमति के संचालित होटल, लॉज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार अब तक शहर में बिना लाइसेंस संचालन और अवैध गतिविधियों की शिकायतों के आधार पर करीब सात होटलों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। निगम ने होटल संचालकों से सभी आवश्यक अनुमति और लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की है।
