
शशि
जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर प्रार्थी सहित कई लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खातों में जमा किए।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने निवेशकों को केवल ₹39,99,400 ही वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करते रहे और अंततः रकम का गबन कर लिया।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहे थे। थाना चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिशंकर गुप्ता (43 वर्ष) और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता (42 वर्ष), निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, आदित्य प्रताप सिंह तथा थाना चांपा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
