

बिलासपुर। नगर निगम के नवनियुक्त 11 एल्डरमैन ने सोमवार को स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय समारोह में पद, कर्तव्य और गोपनीयता की शपथ ली। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी एल्डरमैन को शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए शहर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि एल्डरमैन के रूप में मिली जिम्मेदारी जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी सदस्यों से दलगत भावना से ऊपर उठकर शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी एल्डरमैन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि एल्डरमैन का दायित्व केवल पद की गरिमा बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और शहर के प्रति जवाबदेही निभाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी एल्डरमैन से अपने अनुभव का उपयोग करते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, विकास कार्यों की निगरानी करने और जनसमस्याओं के निराकरण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
महापौर पूजा विधानी ने नवनियुक्त एल्डरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि अब वे नगर निगम परिवार का हिस्सा हैं। सभी के सहयोग से बिलासपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभापति को दो घंटे पहले मिला निमंत्रण
शपथ ग्रहण समारोह का समय सोमवार शाम 5 बजे निर्धारित था। नगर निगम सभापति विनोद सोनी को कार्यक्रम का आमंत्रण दोपहर करीब 3 बजे मिला। हालांकि, देर से सूचना मिलने के बावजूद वे समय पर समारोह में शामिल हुए।
इन एल्डरमैन ने ली शपथ
शपथ लेने वालों में शेखर पाल, जुगल किशोर अग्रवाल, योगेश बोले, चंद्रप्रकाश मिश्रा, देवाशीष घोष (लाल्टू), विष्णु सोनी, अशोक ठाकुर, ज्ञानचंद्र कौशिक, रामू साहू, संतोष कुमार दुबे और भगवती साहू शामिल हैं।
