
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के चुचुहियापारा में रविवार देर रात ऑटो रोककर घूरने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चुचुहियापारा निवासी हसीना बेगम ने शिकायत दर्ज कराई कि रविवार रात करीब 11 बजे उनका भतीजा रोशन अली घर लौटा तो खून से लथपथ था। पूछताछ में उसने बताया कि मोहम्मद समीर पर आकिब खान, अयान खान और उनके साथियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में समीर के सिर, पीठ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं।
वहीं दूसरे पक्ष से उत्तर प्रदेश निवासी आकिब खान ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी को लेने चुचुहियापारा स्थित ससुराल आया था। रात में अपने साले अयान के साथ टहलते समय मोहम्मद समीर उर्फ बकरा मुंडी तेज रफ्तार से ऑटो लाकर उनके सामने रोक दिया और घूरने लगा। विरोध करने पर समीर ने अपने साथियों को बुला लिया और चाकू व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में आकिब के हाथ और नाक, जबकि अयान के सिर, पेट, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिरगिट्टी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
