
शशि मिश्रा
बिलासपुर। दिनदहाड़े नकाबपोश दो युवकों ने झपट्टा मारकर एक युवक से बैग लूटकर भाग गए। बैग में रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि 7 हजार 430 रुपए व दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा पाई है। कोटा पुलिस के अनुसार, श्रीपारा निवासी भिखारी सिंह ध्रुव सीएमएस कंपनी बिलासपुर के तहत रेलवे टिकट कलेक्शन का कार्य करते हैं। 8 जुलाई को वे बेलगहना रेलवे स्टेशन से टिकट बिक्री की कलेक्शन 7 हजार 430 रुपए, टीआर पर्ची व कलेक्शन दस्तावेज बैग में रखकर बाइक से करगीरोड कोटा स्टेशन जा रहे थे। दोपहर 12 बजे बरर मोड़ से आगे सल्का डेम के पास मुख्यमार्ग में दो नकाबपोश खड़े थे। जैसे ही श्री ध्रुव उनके करीब पहुंचे एक युवक ने झपट्टा मारकर बैग लूट लिया, जिससे वे बाइक सहित गिर गए। उसके बाद उक्त युवक अपने साथी के साथ बिना नम्बर की पल्सर में बैठकर सल्का की ओर भाग गए। बेलगहना चौकी पुलिस ने श्री ध्रुव की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
