
शशि मिश्रा
लोरमी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा के तहत गुरूवार को गणित विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। स्वामी आत्मानंद लोरमी केन्द्र पर पंजीकृत कुल 244 छात्र-छात्राएं में से 230 उपस्थित एवं 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा के दौरान एक छात्र को मिर्गी के दौरे के कारण चिकित्सालय भेजा गया। सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील शर्मा ने इस मध्य परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था के बारे में परीक्षार्थियों से पूछने पर पता लगा कि सब संतुष्ट है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के निर्देशानुसार सेट में बच्चों को प्रश्न पत्र वितरण किया गया। सरल प्रश्न देख कर छात्र छात्राओं के चेहरे खिल गए। पर्यवेक्षक व्यवस्था भी बोर्ड के नियमानुसार महिला शिक्षक, पुरुष शिक्षक मिलाकर किया गया।
