
बिलासपुर। तखतपुर पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोयाबीन तेल के टीन और प्लास्टिक जरीकेन सहित करीब 11 हजार रुपये का सामान बरामद किया है, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार तखतपुर निवासी परमीत सालुजा ने 7 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम जरौधा गुड़ी के पास स्थित उनकी किराना दुकान से अज्ञात चोर 15-15 लीटर क्षमता वाले महाकोष सोयाबीन तेल के तीन टीन, पांच-पांच लीटर क्षमता वाले महाकोष तेल के चार प्लास्टिक जरीकेन, पांच किलो का आशीर्वाद आटा, अन्य किराना सामान तथा गल्ले से करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 22,500 रुपये बताई गई थी। मामले में तखतपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान ग्राम जरौधा में गोपाल मेहर के कोठार के पैरा में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कलेश्वर मेहर (21) और कुंदन धृतलहरे (21), दोनों निवासी ग्राम जरौधा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 15-15 लीटर क्षमता वाले सोयाबीन तेल के तीन टीन तथा पांच लीटर क्षमता वाले सोयाबीन तेल के चार प्लास्टिक जरीकेन, कुल लगभग 11 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में बंटी साहू और सुमित यादव के भी वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक रामायण राजपूत तथा आरक्षक आशीष, हरिश यादव और संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
