

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार के तहत प्रदेश एनजीओ प्रकोष्ठ की जिला संयोजक एवं सहसंयोजकों की नई सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी सूची में प्रदेश के सभी जिलों के लिए नई नियुक्तियां की गई हैं। बिलासपुर शहर में बिंदु सिंह कछवाहा को जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि क्षमा सिंह और सोनिया साहू को सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बिलासपुर ग्रामीण में अंकित शुक्ला को जिला संयोजक तथा निर्मला पाल एवं होरीलाल यादव को सहसंयोजक नियुक्त किया गया है।
कौन है बिंदु
बिलासपुर शहर की जिला संयोजक बनाई गईं बिंदु सिंह कछवाहा लंबे समय से सामाजिक, राजनीतिक, खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। संगठन में उनकी सक्रियता और सामाजिक कार्यों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। इसके लिए उन्होंने अपने मेंटोर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।

बिंदु सिंह कछवाहा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2009 में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा मंडल से भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष के रूप में की थी। लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी कमला पाटले के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उनकी कार्यशैली की सार्वजनिक रूप से सराहना की थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश स्तरीय सम्मेलनों में वालंटियर के रूप में भागीदारी निभाई तथा विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय रहीं।
वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तत्कालीन मंत्री अमर अग्रवाल के चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। विभिन्न वार्डों में आयोजित चौपाल कार्यक्रमों का मंच संचालन किया और संगठन की प्रचार गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी अमर अग्रवाल की चुनावी टीम का हिस्सा रहते हुए सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियान का संचालन किया। इसी तरह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान सांसद तोखन साहू के प्रचार अभियान में भी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय योगदान दिया।

बिंदु सिंह कछवाहा शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर पृष्ठभूमि रखती हैं। उन्होंने हिन्दी साहित्य में एम.ए., समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं हिन्दी साहित्य में स्नातक, योग विज्ञान तथा कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा और डी.एड. की शिक्षा प्राप्त की है।
खेल के क्षेत्र में भी उनकी अलग पहचान है। वे एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और क्रिकेट की राज्य स्तरीय खिलाड़ी रह चुकी हैं। उनकी आर.एस.के. क्रिकेट अकादमी में 50 से अधिक महिला खिलाड़ियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी हैं।
सामाजिक जीवन में भी बिंदु सिंह कछवाहा कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। वर्तमान में वे गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा की प्रदेश अध्यक्ष, महिला जागृति समूह बिलासपुर की सचिव तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं योग गुरु के रूप में सक्रिय हैं। इससे पहले वे व्यापारिक संगठन कैट की कार्यकारी अध्यक्ष, बीएनआई की पहली महिला फाउंडर मेंबर तथा भारत विकास परिषद की वीरांगना इकाई में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं।
महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उनका लगातार कार्य रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने जरूरतमंद बच्चों की फीस, ड्रेस और अन्य शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने में योगदान दिया है। महिला जागृति समूह के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक अभियान संचालित किए गए हैं।
बिंदु सिंह कछवाहा वर्तमान में बिलासपुर पुलिस के चेतना अभियान से भी जुड़ी हुई हैं और चेतना मित्र के रूप में कार्य कर रही हैं। उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा पीपीपी अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा मतदाता जागरूकता अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तत्कालीन कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने भी उन्हें सम्मानित किया था।
वे मंच संचालन और ओजस्वी वक्तृत्व के लिए भी जानी जाती हैं। हिन्दी साहित्य में विशेष रुचि होने के कारण वीर रस की कविताओं का प्रभावी पाठ करती हैं। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कई राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के सम्मान मिल चुके हैं।
भाजपा की ओर से एनजीओ प्रकोष्ठ में यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब संगठन सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाने और सेवा गतिविधियों को विस्तार देने की रणनीति पर काम कर रहा है। संगठन को उम्मीद है कि बिंदु सिंह कछवाहा के अनुभव और सामाजिक सक्रियता का लाभ बिलासपुर में पार्टी के जनसंपर्क और सेवा कार्यों को मिलेगा।
