
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने रेलवे अस्पताल के पास उन्हें घेरकर डंडे और नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, श्याम कश्यप शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन बदमाशों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। आरोपियों ने डंडों और नुकीले हथियार से लगातार हमला किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल श्याम कश्यप को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
