
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका स्थित राधा विहार में उधारी के 2 हजार रुपए मांगना एक मजदूर को भारी पड़ गया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने उसे घेरकर डंडे, बेल्ट और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोपका निवासी दुर्गा साहू ने अमित निषाद को 2 हजार रुपए उधार दिए थे। 1 जुलाई की रात वह अपने रुपए वापस मांगने अमित निषाद के घर पहुंचा। इसी बात को लेकर अमित निषाद, मिठलाल निषाद और उनके साथियों ने पहले गाली-गलौज की। इसके बाद किशोर किराना दुकान के पास दुर्गा साहू को घेरकर डंडे, बेल्ट तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
मारपीट में दुर्गा साहू के सिर, पीठ और पेट में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। होश में आने के बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
