

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार के तहत बिलासपुर शहर आरटीआई प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। जारी सूची में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सुधीर लालपुरे को जिला सोशल मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
सुधीर लालपुरे करीब 20 वर्षों से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पहले वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, बिलासपुर रेलवे मंडल के मंत्री के रूप में दायित्व निभा चुके हैं। इसके अलावा वे दो बार भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, रेलवे मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए पार्टी ने उन्हें अब आईटी प्रकोष्ठ में अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर सुधीर लालपुरे ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी के एक निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं और संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसका पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही पार्टी और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि संगठन की गतिविधियों और सरकार के सकारात्मक कार्यों की जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचे।
भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार यह नियुक्ति प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं जिला संगठन की अनुशंसा पर की गई है। संगठन को उम्मीद है कि सुधीर लालपुरे अपने अनुभव और सक्रियता के बल पर आईटी एवं सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
