
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। ग्राम सोन लोहर्सी में एक सूने मकान से धान बिक्री की रकम और वेतन की बचत सहित करीब 4.45 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में रखी चिल्हर और करीब 100 सिक्के तक अपने साथ ले गए। वहीं ग्राम बिनौरी में शादी वाले घर से नेकलेस और झुमके चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोन लोहर्सी निवासी कन्हैया लाल द्विवेदी (53) बिलासपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका परिवार बिलासपुर में रहता है, जबकि वे गांव में अकेले रहते हैं। उन्होंने धान बिक्री से प्राप्त राशि और वेतन की बचत घर की अलमारी के लॉकर में रखी थी। इसमें 500-500 रुपये के नोटों के आठ बंडल यानी 4 लाख रुपये, जिनमें दो लाख रुपये वेतन और दो लाख रुपये धान बिक्री व बोनस के थे। इसके अलावा बच्चों के पर्स में रखे 45 हजार रुपये भी घर में मौजूद थे।
बताया गया कि 26 जून की सुबह कन्हैया लाल अपने घर में ताला लगाकर बिलासपुर परिवार से मिलने चले गए थे। अगले दिन रात करीब 11:10 बजे पड़ोसी कृष्णा यादव ने उन्हें फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे गांव पहुंचे तो मकान का कुंदा और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। चोर लॉकर में रखी पूरी नकदी के साथ घर में रखी चिल्हर और करीब 100 सिक्के भी समेट ले गए थे।
सूचना पर पचपेड़ी पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन काफी तलाश के बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस का अनुमान है कि चोरों ने 26 जून की दोपहर वारदात को अंजाम दिया।
शादी की भीड़ का फायदा उठाकर जेवर किए पार
इधर, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ही ग्राम बिनौरी में भी चोरी की घटना सामने आई है। गांव निवासी प्रमिला चतुर्वेदाही के घर उनकी ननद की शादी थी, जिसमें घराती और बराती पक्ष के 500 से अधिक लोग शामिल हुए थे। विदाई के बाद प्रमिला ने नहाने जाने से पहले अपना नेकलेस और झुमके अलमारी के लॉकर में रख दिए थे। लौटने पर लॉकर की चाबी साड़ियों के बीच दबी मिली। जब उन्होंने लॉकर खोलकर देखा तो उसमें रखे दोनों जेवर गायब थे।
पीड़िता की शिकायत पर पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों मामलों में संदिग्धों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
