
शशि मिश्रा

बिलासपुर। लापता बुजुर्ग की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। शव को मरच्यूरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का खुलासा हो पाएगा। चकरभाठा टीआई भावेश शेंडे ने बताया, वार्ड क्रमांक 14 चकरभाठा केम्प निवासी जगतार सिंह पिता स्व. गुरूदयाल सिंह 60 साल स्क्रैप का काम करते थे। 28 जून की सुबह 10 बजे घर से घूमकर आने की बात कहकर स्कूटी से निकले थे। काफी देर तक नहीं लौटने पर घरवाले देर रात तक पतासाजी करते रहे। नहीं मिलने पर घर लौट गए थे। 29 जून की सुबह हाईकोर्ट के आगे पेट्रोल पंप के बाजू से प्लाटिंग के पास बबूल के नीचे अर्धनग्न अवस्था में उनकी लाश व स्कूटी खड़ी हुई मिली है। सूचना पर पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच में देरी होने के कारण शव मरच्यूरी में रखवा दिया गया है। 30 जून को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
