
बिलासपुर। शहर के मगरपारा चौक स्थित पंचायत मंदिर के सामने रविवार सुबह एक पालतू कुत्ते के हमले में सेवानिवृत्त बुजुर्ग घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तालापारा स्थित खानबाड़ी गली नंबर-1 निवासी एवं बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी शेख अब्दुल सईद खान रोज की तरह रविवार सुबह करीब 6:30 बजे मॉर्निंग वॉक कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे मगरपारा चौक स्थित पंचायत मंदिर के सामने पहुंचे, वहां एक डॉक्टर का पालतू कुत्ता बिना किसी नियंत्रण के सड़क पर घूम रहा था।
आरोप है कि कुत्ते ने अचानक बुजुर्ग पर हमला कर उनके पैर की पिंडली पर काट लिया। हमले से वे घायल हो गए और आसपास मौजूद लोगों ने उनकी मदद की।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि कुत्ते को बिना पट्टे या किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह घटना हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर पालतू पशुओं को बिना नियंत्रण के छोड़ने पर चिंता जताते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
