

बिलासपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने उसलापुर रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए 12.405 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.25 लाख रुपये मूल्य का गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पुरुष और दो महिलाएं, जिनके साथ चार से छह वर्ष का एक बच्चा भी है, बिलासपुर रेलवे स्टेशन से उसलापुर स्टेशन की ओर जा रहे हैं। उनके पास मौजूद आसमानी रंग के ट्रॉली बैग में गांजा होने की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में पुलिस टीम ने उसलापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास घेराबंदी की।
पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों आरोपियों को रोककर ट्रॉली बैग की तलाशी ली। बैग के भीतर खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे 11 पैकेट मिले, जिनमें कुल 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारसुगुड़ा (ओडिशा) निवासी प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41), उसकी पत्नी नेहा सिंह (34) तथा अर्चना सिंह (27) निवासी बजरंगीपारा, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में गांजा की सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
