
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला ढोलमौहा में धारदार चापड़ लहराकर शिक्षकों और बच्चों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तलवारनुमा धारदार चापड़ भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ढोलमौहा निवासी शिवरतन दास मानिकपुरी (42 वर्ष) शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में हाथ में धारदार तलवारनुमा चापड़ लेकर घूम रहा है और शिक्षकों व बच्चों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और एसडीओपी कोटा के निर्देशन में बेलगहना चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने स्कूल परिसर में आरोपी को चापड़ लहराते हुए पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक धारदार तलवारनुमा चापड़ गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। पूछताछ और जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
चूंकि मामला गैर-जमानती था, इसलिए आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उपनिरीक्षक भरतलाल राठौर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी तथा आरक्षक संजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
