

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने नाली में पेशाब करने की बात पर हुए विवाद के बाद हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक चार वयस्क आरोपियों और सात विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन अहिरवार उर्फ नाचू (24 वर्ष) निवासी श्यामनगर मोची मोहल्ला, लिंगियाडीह, थाना सरकंडा के रूप में हुई है। वह घटना के बाद से फरार था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उसके निवास क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
मामला 25 अप्रैल 2026 की रात का है। प्रार्थी सनत सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 12 बजे भोजन के बाद प्रभात चौक, चिंगराजपारा में टहल रहा था। इसी दौरान विक्की अहिरवार और उसके साथियों ने नाली में पेशाब करने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, डंडों और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में सनत सारथी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे सभी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें करीब 15 लोग मुंह ढंककर मारपीट करते दिखाई दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले शैलेन्द्र रावत उर्फ बांडिया, दीपक निषाद उर्फ बुटु, दुर्गेश अहिरवार उर्फ सीनातान समेत सात अपचारी बालकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया था। फरार आरोपी अमन अहिरवार की लगातार तलाश की जा रही थी, जिसे अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
