
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना पुलिस ने चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश की गड्डी, बोरी की फट्टी और 16,550 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोंघाडीह नाला के पास कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजा रजक (32), सूरज कश्यप (27), आदित्य बंजारे (19), नितेश साहू (26), सोमनाथ शर्मा (32) और कमलेश केंवट (35) को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश की गड्डी, एक बोरी की फट्टी तथा 16,550 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रभारी उपनिरीक्षक जय नागरे, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षक दीप सिंह कंवर तथा एसीसीयू टीम की विशेष भूमिका रही।
