

बिलासपुर। सर्व हिंदू समाज भगवा ब्रिगेड के तत्वावधान में शनिवार को शहर में ‘गौ रक्षकों को न्याय यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में गौभक्तों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और हिंदू समाज के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान 14 गौ रक्षकों को न्याय दिलाने तथा स्वर्गीय भरत तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई।



न्याय यात्रा गांधी चौक से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए देवकीनंदन चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति और जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि 14 गौ रक्षकों को सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए और उन्हें विधि के अनुरूप राहत प्रदान की जानी चाहिए।


कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी अथवा अन्य व्यक्ति की भूमिका और दोष सिद्ध होता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही उनके परिजनों को न्याय और शासन के नियमानुसार उचित सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।


यात्रा के दौरान आयोजकों ने कहा कि उनका उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित मामलों में निष्पक्ष सुनवाई और न्याय सुनिश्चित कराना है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

