
बिलासपुर। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद महाराष्ट्र भाग गया था और लौटने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड और स्कूटी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को साहिल बर्मन के साथ किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी मो. समीर (25 वर्ष) निवासी तालापारा ने ब्लेड से उसकी गर्दन पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 371/2026 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के बाद वह अपनी स्कूटी रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर महाराष्ट्र के भंडारा भाग गया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्लेड तथा स्कूटी क्रमांक CG 10/BG 5265 रेलवे स्टेशन पार्किंग से जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
