
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना परिसर के लॉकअप में बंद एक आरोपी ने गुरुवार शाम ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले की जांच की जा रही है कि लॉकअप के भीतर ब्लेड कैसे पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, मोहर्रम के दौरान जरहाभाठा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने 27 वर्षीय राजा कुरें की तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद होने पर उसे हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने के लॉकअप में रखा गया था।
शाम करीब साढ़े छह बजे आरोपी की मां और बहन उससे मिलने थाने पहुंचीं। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड से शरीर पर कई वार कर खुद को घायल कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने लॉकअप खोलकर उसे बाहर निकाला और तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) निमितेश सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की।
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपी ने पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से खुद को चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लॉकअप के भीतर ब्लेड कैसे पहुंचा। प्रारंभिक आशंका है कि आरोपी ने ब्लेड पहले से अपने मुंह में छिपाकर रखा था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
