
बिलासपुर। बेटी के स्कूल में प्रवेश को लेकर हुई चर्चा के दौरान भाई-बहन के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बहन ने डंडे से हमला कर भाई का सिर फोड़ दिया। घायल की शिकायत पर बेलगहना चौकी पुलिस ने आरोपी बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 24 जून की शाम बेलगहना क्षेत्र की है। प्रार्थी भरत मिंज अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने बहन उमा लकड़ा के घर गया था। इस दौरान डीकेपी स्कूल, कोटा में बेटी के एडमिशन को लेकर बातचीत हो रही थी। बातचीत के बाद जब भरत ने अपनी पत्नी से घर चलने के लिए कहा, तो बहन उमा लकड़ा नाराज हो गई।
आरोप है कि उमा ने भरत पर शराब पीकर घूमने और परिवार की जिम्मेदारी नहीं निभाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने डंडे से हमला कर भरत के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद घायल ने चौकी बेलगहना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी बहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
