
बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा चौकी अंतर्गत ग्राम बांसाझाल-भाठाखार के खेत में मिली भुवन सिंह ध्रुव की लाश के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी अशोक श्रीवास (45) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41,500 रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त पत्थर तथा घटना में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मनपहरी निवासी अशोक श्रीवास और मृतक भुवन सिंह ध्रुव एक-दूसरे को 10 से 15 वर्षों से जानते थे। कुछ समय पहले भुवन सिंह ने अपनी जमीन बेचकर बड़ी रकम प्राप्त की थी। इस बात की जानकारी आरोपी को थी और वह पिछले कुछ दिनों से मृतक के साथ मेलजोल बढ़ा रहा था।
जांच में सामने आया कि 13 जून 2026 को आरोपी अपने ऑटो क्रमांक CG10 BN 1761 से भुवन सिंह को साथ लेकर गया। रास्ते में उसने उसे शराब पिलाई और उसके पास रखी रकम की मांग करता रहा। जब भुवन सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी उसे बांसाझाल क्षेत्र के एक सुनसान खेत के पास ले गया।
पुलिस के मुताबिक, वहां आरोपी ने पहले भुवन सिंह पर पत्थर से हमला किया और बेहोश होने के बाद करीब तीन से चार किलो वजनी पत्थर को उसके सीने पर कई बार पटककर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक के पास रखे रुपये लेकर अपने गांव मनपहरी लौट गया और रकम को घर की सीढ़ियों के नीचे छिपाकर रख दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधूलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी जूनापारा और थाना रतनपुर पुलिस की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गवाहों से पूछताछ की। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे 20 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण मृतक के पास मौजूद रुपयों की लालच और आरोपी की नशे की प्रवृत्ति सामने आई है।
