

बिलासपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बिलासपुर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की है। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी।
परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में बिलासपुर सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक शामिल होंगे, जिसके चलते शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
पुलिस विभाग ने कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। वहीं, यातायात प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, पुल-पुलियों, संकीर्ण मार्गों, शॉपिंग मॉल क्षेत्रों तथा शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
यातायात पुलिस के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर दबाव वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को डायवर्ट भी किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे से परीक्षा प्रारंभ होने तक तथा शाम 5 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर में यातायात का दबाव बना रह सकता है।
प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए शहर के बाहरी एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करें। इससे परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
