
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक पचरी घाट के पास तथा दूसरा युवक ज्वाली नाला क्षेत्र में चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर दोनों स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पचरी घाट के पास से दीपक उर्फ सोनू पिल्ले (25 वर्ष) और ज्वाली नाला क्षेत्र से मोहम्मद अनम (19 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने कहा है कि जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
