कबाड़ कारोबार के विवाद में फिरौती का मामला, व्यवसायी और उसके साले को बंधक बनाकर की मारपीट

बिलासपुर। तिफरा और सिलपहरी क्षेत्र में कबाड़ कारोबार के वर्चस्व और खरीदी-बिक्री के हिसाब को लेकर चल रहा विवाद अब फिरौती और लूट तक पहुंच गया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक कबाड़ व्यवसायी और उसके साले को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने तथा परिवार को धमकाकर लाखों रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तिफरा में कबाड़ गोदाम संचालित करने वाले फिरोज और उसके साथियों ने कबाड़ कारोबारी सैय्यद प्रिंस बख्शी तथा उसके साले को अपने कब्जे में लेकर एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि दोनों के साथ लोहे की रॉड और पाइप से मारपीट की गई तथा उन्हें घंटों बंधक बनाकर रखा गया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी दुकान से पिकअप वाहन भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान गिरोह के दो सदस्य उसके घर पहुंचे और स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर गांजा मामले में फंसाने की धमकी दी। आरोपियों की धमकी से घबराकर पीड़ित की पत्नी ने घर में रखे करीब 2.70 लाख रुपये उन्हें सौंप दिए।

रकम मिलने के बाद आरोपियों ने शाम के समय बंधक बनाए गए व्यवसायी और उसके साले को छोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कबाड़ कारोबार के वर्चस्व और लेन-देन के विवाद को घटना की मुख्य वजह बताया गया है।

सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ फिरौती, मारपीट, लूट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!