एकतरफा प्रेम में युवती पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकारी में एकतरफा प्रेम के चलते एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकारी निवासी किरण निर्मलकर बस स्टैंड के पास गुपचुप का ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करती है। उसकी पहचान तोरवा निवासी संदीप खरे से थी। सोमवार सुबह संदीप ने किरण को फोन किया, लेकिन युवती ने बात करने से इनकार करते हुए कॉल काट दिया।

बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज संदीप शाम करीब 7:30 बजे दो चाकू लेकर सीधे युवती के ठेले पर पहुंच गया। वहां उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखे चाकुओं से युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

युवती की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सौवरीन बाई और भाई दीपक बीच-बचाव के लिए पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल किरण को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण एकतरफा प्रेम और युवती द्वारा बातचीत से इनकार करना बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!