अटल यूनिवर्सिटी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 100 रुपये में पंजीयन; 2 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (एबीवीयू) से संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रवेश प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत होने वाली इस प्रक्रिया में छात्र विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कर किसी भी संबद्ध कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिले के 110 कॉलेजों की करीब 34 हजार 10 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय के अनुसार प्रवेश के लिए सबसे पहले छात्रों को 100 रुपये शुल्क देकर ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक जानकारी भरकर आवेदन कर सकेंगे। एक बार पंजीयन होने के बाद छात्र अपनी पसंद के जितने भी कॉलेजों में चाहें आवेदन कर सकते हैं। हालांकि संकाय (फैकल्टी) बदलने की स्थिति में दोबारा पंजीयन कराना होगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक बार ही पंजीयन संभव होगा।

प्रवेश प्रक्रिया में एबीसी (Academic Bank of Credits) आईडी अनिवार्य कर दी गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि एबीसी आईडी के बिना आवेदन पत्र जमा नहीं होगा। इसलिए विद्यार्थियों को आवेदन से पहले एबीसी आईडी बनवानी होगी।

30 जून तक आवेदन, 2 जुलाई को पहली मेरिट लिस्ट

विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार छात्र 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद कॉलेजवार आवेदनों की सूची संबंधित संस्थानों को भेजी जाएगी। पहली मेरिट सूची 2 जुलाई को जारी होगी और चयनित छात्र 8 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे।

यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो दूसरी मेरिट सूची 9 जुलाई को जारी की जाएगी, जिसके आधार पर 15 जुलाई तक प्रवेश होगा। तीसरी मेरिट सूची 17 जुलाई को जारी होगी और चयनित अभ्यर्थी 24 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे। चौथी एवं अंतिम मेरिट सूची 25 जुलाई को जारी होगी, जिसके आधार पर 31 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

14 अगस्त तक विशेष अनुमति से मिलेगा प्रवेश

उच्च शिक्षा विभाग के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार स्नातक कक्षाओं में नियमित प्रवेश 31 जुलाई तक होगा। इसके बाद 1 से 14 अगस्त तक कुलपति की विशेष अनुमति से प्रवेश दिया जा सकेगा। वहीं अन्य कक्षाओं में प्रवेश 16 से 31 जुलाई अथवा परीक्षा परिणाम घोषित होने के 10 दिनों के भीतर किया जाएगा। नियमित कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ होंगी।

ऑटोनॉमस कॉलेजों का पोर्टल अलग

उच्च शिक्षा विभाग ने स्वायत्त (ऑटोनॉमस) कॉलेजों को विश्वविद्यालय के केंद्रीय पोर्टल से अलग रखा है। ऐसे में शहर के प्रमुख ऑटोनॉमस संस्थानों, जैसे बिलासा गर्ल्स कॉलेज और साइंस कॉलेज, में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेजों की वेबसाइट पर जाकर अलग से आवेदन करना होगा। साइंस कॉलेज ने अपना प्रवेश पोर्टल पहले ही शुरू कर दिया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन स्वयं करें और पंजीयन के लिए वही मोबाइल नंबर उपयोग करें जो सक्रिय हो, क्योंकि उसी पर लॉगिन आईडी और पासवर्ड भेजा जाएगा तथा आगे की प्रवेश प्रक्रिया में भी उसी की आवश्यकता पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!