
बिलासपुर। शालीमार एक्सप्रेस के एसी कोच में लावारिस हालत में मिले एक बैग से करीब साढ़े 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बैग को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, 14 जून को ट्रेन संख्या 18029 कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस के बी-4 एसी कोच के अटेंडर ने जयरामनगर के पास कोच के गेट के समीप लाल रंग का एक लावारिस बैग देखा। इसकी सूचना आरपीएफ बिलासपुर पोस्ट के आरक्षक शुभांकर दास और पी.एल. मीना को दी गई।
आरपीएफ जवानों ने बैग की जांच की, जिसमें कपड़ों के साथ एक छोटे बैग में सोने, चांदी और कृत्रिम आभूषण मिले। यात्रियों से पूछताछ के बावजूद बैग के मालिक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। बाद में एक महिला यात्री ने अपना बैग खोने की सूचना दी। पूछताछ में उसकी पहचान भाटापारा निवासी सरला यादव के रूप में हुई।
अगले दिन 15 जून को महिला के पिता संतोष कुमार यादव और माता शीतला यादव आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और सामान की पुष्टि के बाद करीब 5.50 लाख रुपये मूल्य के जेवर तथा अन्य सामान उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
