

बिलासपुर। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। गुरुवार रात कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मस्तूरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और राजनीतिक व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय कार क्रमांक सीजी 10 बीएफ 9922 से बालको में परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक सवार थे। चारों रात करीब साढ़े 9 बजे उरगा क्षेत्र में पहुंचे थे।
बताया गया कि हादसे से कुछ समय पहले सभी बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक समारोह में शामिल हुए थे। वहां से बालको के लिए रवाना होने के दौरान शहर में प्रवेश करते समय रास्ता भटकने के कारण कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर तीन बार पलटते हुए खाई में जा गिरा।

हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने तत्काल घायलों को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार सड़क किनारे पलटी हालत में पाई गई। मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, परिचित और समर्थक अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
