
नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए देशभर में टेलीग्राम एप पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही टेलीग्राम का मैसेज-एडिटिंग फीचर 30 जून तक बंद कर दिया गया है। सरकार के निर्देश पर गूगल और एप्पल ने भी अपने प्ले स्टोर से टेलीग्राम एप को हटा दिया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने यह निर्णय नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की सिफारिश पर लिया है। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह के अनुसार, परीक्षा से पहले फर्जी प्रश्नपत्र बेचने, भ्रामक सूचनाएं फैलाने और अभ्यर्थियों का शोषण करने के लिए टेलीग्राम का व्यापक दुरुपयोग किया जा रहा था। ऐसे में परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक हो गया था।
टेलीग्राम पर प्रतिबंध की वजह
अधिकारियों के अनुसार टेलीग्राम पर कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर असीमित सदस्यों वाला चैनल बना सकता है। “पेपर लीक्ड नीट” जैसे कई चैनलों पर लाखों सदस्य जुड़े हुए थे, जिनकी निगरानी और ट्रैकिंग करना कठिन था।
मैसेज-एडिटिंग फीचर का भी गलत इस्तेमाल किया जा रहा था। परीक्षा समाप्त होने के बाद चैनल संचालक पुराने सामान्य संदेशों को संपादित कर उनमें प्रश्नपत्र की पीडीएफ जोड़ देते थे और फिर दावा करते थे कि पेपर परीक्षा से पहले लीक हुआ था। इससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और अविश्वास की स्थिति बनती थी।
इसके अलावा टेलीग्राम पर 2 जीबी तक की बड़ी फाइलें आसानी से साझा की जा सकती हैं, जिससे प्रश्नपत्र और अन्य संवेदनशील सामग्री तेजी से वायरल हो जाती थी।
वॉट्सएप पर प्रतिबंध क्यों नहीं
सरकारी सूत्रों के अनुसार वॉट्सएप भारतीय नियमों का पालन करता है तथा वहां उपयोगकर्ताओं की पहचान मोबाइल नंबर से जुड़ी होती है। वॉट्सएप समूहों की सदस्य संख्या भी सीमित है, जबकि टेलीग्राम पर असीमित लोग एक चैनल से जुड़ सकते हैं। यही कारण है कि पेपर लीक और अफवाहों के प्रसार में टेलीग्राम अधिक संवेदनशील मंच माना गया।
नीट आरोपी को परीक्षा में बैठने की अनुमति
इस बीच दिल्ली की एक अदालत ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले के आरोपी यश यादव को हिरासत में रहते हुए 21 जून को होने वाली री-टेस्ट परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है। अवकाश न्यायाधीश विशाल गोगने ने कहा कि गंभीर आरोपों के बावजूद किसी छात्र को परीक्षा के अवसर से वंचित नहीं किया जा सकता। यश यादव को जयपुर से गिरफ्तार किया गया था।
अभ्यर्थियों को राहत
नीट री-टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आंध्र प्रदेश और ओडिशा सरकार ने बस किराया पूरी तरह माफ कर दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है।
वायुसेना के जिम्मे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा
पेपर लीक की आशंकाओं को देखते हुए भारतीय वायुसेना भी अभूतपूर्व सुरक्षा अभियान चला रही है। पिछले चार दिनों में वायुसेना ने विमानों और हेलीकॉप्टरों के माध्यम से 200 से अधिक उड़ानें भरकर 20 से ज्यादा स्थानों पर प्रश्नपत्र पहुंचाए हैं।
प्रश्नपत्रों को रियल-टाइम जीपीएस और डिजिटल लॉक से लैस हाई-टेक बॉक्स में रखा गया है। इनमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ होने पर दिल्ली स्थित कंट्रोल रूम में तुरंत अलर्ट पहुंच जाता है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सेना के जवान चौबीसों घंटे कर रहे हैं।
नीट-यूजी 2026 री-टेस्ट को लेकर किए गए ये इंतजाम परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
