48 घंटे में चार स्थानों से वाहन चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच


बिलासपुर। शहर में वाहन चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले 48 घंटों के भीतर जिला कोर्ट परिसर सहित चार अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिल और एक पिकअप वाहन चोरी होने के मामले सामने आए हैं। सभी घटनाओं में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना जिला न्यायालय परिसर की है, जहां सिंघरी निवासी किसान रवि इंदुवाकर अपनी पैशन प्रो (सीजी 10 एआर 6841) को पार्किंग में लॉक कर पेशी में गए थे। लौटने पर उनकी बाइक गायब मिली।
दूसरी वारदात कोटा स्थित एक कॉलेज में हुई। बी-फार्मेसी आठवें सेमेस्टर के छात्र प्रियेश साहू की पैशन प्लस (सीजी 10 सीबी 0745) कॉलेज पार्किंग से चोरी हो गई। छात्र सुबह बाइक खड़ी कर क्लास में गए थे, लेकिन शाम करीब 4:10 बजे लौटने पर वाहन नहीं मिला।
तीसरी घटना सरकंडा क्षेत्र में हुई, जहां नगोई निवासी अशोक साहू बहतराई रोड स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गए थे। उन्होंने अपनी प्लेटिना (सीजी 10 एटी 4915) बाहर खड़ी की थी, जो वापस आने तक चोरी हो चुकी थी।
वहीं चौथी घटना लालखदान क्षेत्र में सामने आई, जहां अशरफ हुसैन के घर के पास खड़ी पिकअप (सीजी 10 सी 3658) अज्ञात चोरों ने पार कर दी। घटना के समय परिवार नमाज के लिए कब्रिस्तान गया हुआ था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!