
बिलासपुर। तेजी से मुनाफा कमाने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक किसान को 21.32 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने टेलीग्राम पर फर्जी फॉरेक्स ट्रेडिंग ग्रुप के जरिए किसान को अपने जाल में फंसाया और उससे 160 अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर करा ली। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भरारी बड़पारा निवासी नारायण सिंह राज (38 वर्ष) को 28 अक्टूबर 2024 को टेलीग्राम पर एक अज्ञात लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करते ही वह स्वतः “इंडिया प्रोमो ट्रेडिंग कंपनी” नामक ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप के एडमिन @AGENT_RAJESH_PANDEY5 और @Agent_Rajesh_Pandey1 ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच दिया और निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
ठगों के झांसे में आकर नारायण ने अलग-अलग समय पर रकम जमा करना शुरू कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर उससे लगातार पैसे जमा कराए। 23 जनवरी 2025 को सुबह 7:45 बजे 10 हजार रुपये जमा कराने के बाद कुछ ही मिनटों के अंतराल में चार और ट्रांजेक्शन कराए गए। इस तरह मात्र आधे घंटे के भीतर उससे 50 हजार रुपये जमा करा लिए गए।
पीड़ित ने जब अपनी शिकायत दर्ज कराई तो वह 46 पन्नों की ट्रांजेक्शन डिटेल्स लेकर थाने पहुंचा। दस्तावेजों के अनुसार उसने कुल 160 बार में 21 लाख 32 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए थे। ट्रांजेक्शन का ब्यौरा देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश, फॉरेक्स ट्रेडिंग, रकम दोगुनी करने या घर बैठे मोटी कमाई के दावों पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर संचालित अधिकांश ऑनलाइन ग्रुप फर्जी होते हैं और निवेशकों को ठगी का शिकार बनाते हैं।
