

बिलासपुर। लायंस क्लब बिलासपुर रॉयल के सहयोग से आराध्या हॉस्पिटल में संचालित डायलिसिस सेंटर का अवलोकन करने हेतु अंतरराष्ट्रीय निदेशक पद के एंडोर्सी PMJF लायन डॉ. कुलभूषण मित्तल, MJF लायन मनीष शाह (GAT एरिया लीडर, MCC), MJF लायन प्रवीण वशिष्ठ (DG एवं MCC Elect) तथा डॉ. जवाहर बिहानी (PDG) आराध्या हॉस्पिटल पहुँचे।
इस अवसर पर उन्होंने डायलिसिस उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उपचार की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं तथा सेवा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों एवं उनके परिजनों ने सेंटर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सहयोगात्मक वातावरण की सराहना की।
आराध्या हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रजनीश पाण्डेय ने आगंतुक अतिथियों को डायलिसिस की संपूर्ण प्रक्रिया, आधुनिक जांच व्यवस्था तथा मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब बिलासपुर रॉयल के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अनेक परिवारों को राहत मिल रही है।

इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ लायन पदाधिकारियों ने लायंस क्लब बिलासपुर रॉयल द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाजहित में इस प्रकार की स्थायी सेवा परियोजनाओं (Permanent Projects) की जिले में अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से क्लब के अध्यक्ष लायन डॉ. कमल छाबड़ा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे सेवा के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में संचालित यह परियोजना लायनवाद की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी लायंस क्लब बिलासपुर रॉयल इसी प्रकार समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा हेतु निरंतर कार्य करता रहेगा तथा मानवता की सेवा के नए आयाम स्थापित करेगा। लायन कमल छाबड़ा को इस उत्कृष्ट योगदान के लिये इंटरनेशनल डायरेक्टर का प्रशंसा पत्र एवं मल्टिपल के मेडल से सम्मानित किया.
