पॉक्सो केस की जांच में लापरवाही पर टीआई-एसआई लाइन अटैच, पचपेड़ी थाने की कमान कमला पुसाम को

बिलासपुर। पॉक्सो प्रकरण की विवेचना में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी टीआई अभय सिंह बैस और एसआई संतोषी अग्रवाल को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं पचपेड़ी थाना प्रभारी एसआई राज सिंह को हटाकर सिरगिट्टी थाने में पदस्थ किया गया है। उनकी जगह टीआई कमला पुसाम को पचपेड़ी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

देर रात जारी आदेश में बताया गया कि सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म और नाबालिग से जुड़े एक गंभीर मामले की जांच में लापरवाही बरती गई। आरोप है कि थाना प्रभारी अभय सिंह बैस घटनास्थल का निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। साथ ही बीएनएसएस की धारा 176(3) के तहत सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में आवश्यक सीन ऑफ क्राइम यूनिट को भी नहीं बुलाया गया। मामले की विवेचना कर रही एसआई संतोषी अग्रवाल पर भी जांच में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं।

एसएसपी ने पूरे मामले की जांच सिविल लाइन सीएसपी को सौंपते हुए सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

इधर, विशेष शाखा में पदस्थ टीआई वायपी सिंह को सिरगिट्टी थाना प्रभारी बनाया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की गई शिकायत के बाद हुई बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, टीआई के उपलब्ध रहने के बावजूद एसआई को थाना प्रभारी बनाए जाने को लेकर विभाग के भीतर लंबे समय से असंतोष था। इसी मुद्दे को लेकर आदिवासी प्रकोष्ठ से जुड़े एक पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। शिकायत की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह को हटाकर सिरगिट्टी में टीआई के अधीन पदस्थ कर दिया और पचपेड़ी थाने की कमान टीआई कमला पुसाम को सौंप दी।

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था सुधारने और गंभीर अपराधों की विवेचना में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!