

बिलासपुर। मस्तुरी थाना क्षेत्र के ग्राम भनेसर में सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का बटनदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को सूचना मिली कि ग्राम भनेसर स्थित मिशन स्कूल के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही मस्तुरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान विश्राम भेगरा (26 वर्ष), निवासी मिशन स्कूल के पास, ग्राम भनेसर, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का बटनदार चाकू बरामद किया गया, जिसे गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मस्तुरी पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
