

बिलासपुर। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलगहना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 29 लीटर महुआ शराब और बिक्री रकम जब्त की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 15 जून 2026 को चौकी बेलगहना क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम करवा निवासी विष्णु खण्डेय (50 वर्ष) के बाड़ी से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं ग्राम सरगोड़ निवासी दुर्गेश धनुहार (25 वर्ष) के घर की बाड़ी से 9 लीटर महुआ शराब तथा बिक्री की 200 रुपये नकद रकम जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,100 रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब रखने और बिक्री करने का मामला पाए जाने पर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक भारतलाल राठौर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी तथा आरक्षक ईश्वर नेताम और संजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
