

बिलासपुर। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चोरी का कबाड़ बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 15 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि बिल्हा निवासी इमरान कुरैशी अपने कबाड़ दुकान में बड़ी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ वाहन में लोड करवा रहा है।
सूचना के आधार पर बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने इमरान कुरैशी के कबाड़ दुकान में दबिश दी। मौके पर इमरान अन्य लोगों के साथ कबाड़ वाहन में लोड करते मिला। पुलिस ने दुकान तथा छोटा हाथी वाहन क्रमांक सीजी-10-बीपी-3903 और पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-10-बीजेड-1208 की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान रेलवे लाइन के लोहे के लाइनर, चाबियां, लोहे के एंगल, प्लेट, सरिए, पाइप, कांटेदार तार सहित विभिन्न प्रकार का कबाड़ और घरेलू सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने 83 क्विंटल 15 किलोग्राम लोहे का कबाड़ तथा दोनों वाहनों सहित कुल 14 लाख 25 हजार 500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली। मामले में बीएनएसएस की धारा 35(1)(ड), बीएनएस की धारा 303(2) तथा रेलवे संपत्ति अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में इमरान कुरैशी, मनीष सागर, राज साहू, चंदन सवरा, बिरजू मरावी, रामअवतार सवरा और गोलू चौरसिया को आरोपी बनाया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, पीएसआई करण राज बघेल, आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
