यार्ड में खड़े इंजन से 1200 लीटर डीजल चोरी, लॉक तोड़कर वारदात को दिया अंजाम

बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल के बुढ़ार रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़े एक डीजल इंजन से करीब 1200 लीटर डीजल चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने इंजन के डीजल टैंक का लॉक तोड़कर बड़ी मात्रा में डीजल निकाल लिया। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 9 जून की रात शंटिंग कार्य पूरा होने के बाद सहायक लोको पायलट ने डीजल इंजन को बुढ़ार रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़ा किया था। ड्यूटी समाप्त होने पर उन्होंने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी और चले गए। अगले दिन सुबह जब सहायक लोको पायलट इंजन के पास पहुंचे तो उन्हें जमीन पर डीजल फैला हुआ दिखाई दिया। जांच करने पर डीजल टैंक का लॉक टूटा मिला और ढक्कन खुला हुआ था।

सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि इंजन से करीब 1200 लीटर डीजल चोरी किया गया है। अधिकारियों का अनुमान है कि इतनी बड़ी मात्रा में डीजल निकालने के लिए आरोपियों ने बड़े जरीकेन या अन्य कंटेनरों का इस्तेमाल किया होगा। साथ ही, वारदात को अंजाम देने में काफी समय भी लगा होगा।

आरपीएफ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि इस चोरी में इंजन से डीजल निकालने की तकनीकी जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भी संलिप्तता हो सकती है। जांच टीम आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है।

बिलासपुर मंडल के सीनियर डीएससी सौरव कुमार ने बताया कि डीजल चोरी के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यार्ड में खड़े इंजन से इस तरह डीजल चोरी की यह क्षेत्र की पहली बड़ी घटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!