
यूनुस मेमन

बिलासपुर। जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा रहे बिलासपुर के युवा खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है।
भारतीय टीम की स्वर्णिम सफलता में अवि मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित किया कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि से बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व का माहौल है।

अवि मानिकपुरी की इस ऐतिहासिक सफलता पर भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि अवि ने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया है।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अवि की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानिकपुरी पनिका समाज की पहचान भी मजबूत की है।
भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज ने अवि मानिकपुरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई है कि वे आने वाले समय में भी भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उनकी इस सफलता को बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
