‘प्रहार अभियान’ में बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 140 आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” के तहत पुलिस ने सघन कार्रवाई करते हुए 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान अवैध हथियारों के साथ पांच आरोपियों को भी पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही विशेष अभियान के दौरान आम नागरिकों से प्राप्त 248 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व एवं निर्देशन में जिलेभर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और एसीसीयू के माध्यम से सभी सीएसपी और एसडीओपी के निर्देशन में थाना प्रभारियों द्वारा तड़के से ही कार्रवाई शुरू की गई, जिसमें पुलिस को व्यापक सफलता मिली।


इसी क्रम में 4 और 5 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 30 स्थायी वारंटी, 69 गिरफ्तारी वारंटी, 23 फरार आरोपी तथा छह संदिग्ध गुंडा एवं निगरानी बदमाश शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कॉम्बिंग गश्त और चेकिंग के दौरान थाना तोरवा, सिविल लाइन, कोनी और चकरभाठा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने पांच आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से धारदार और चालू हथियार बरामद किए गए, जिन पर आर्म्स एक्ट के तहत पृथक से मामला दर्ज किया गया है।


इसके अलावा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में 3 और 4 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाकर आम नागरिकों से प्राप्त कुल 248 शिकायतों का त्वरित और सफल निराकरण किया गया। इनमें 125 सामान्य (सादरी) शिकायतें तथा 123 स्थानीय शिकायतें शामिल थीं।


बिलासपुर पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के सतत अभियानों के माध्यम से अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों में सुरक्षा, विश्वास और कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हो रहा है। पुलिस प्रशासन ने आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!