
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा स्थित ओम नगर में पीएससी की तैयारी कर रही छात्रा आयुषी कुरें की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी दीपक कुमार खांडे उर्फ चेरी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और छात्रा ने पिछले एक वर्ष में 28 किश्तों में कुल 67,050 रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए थे।
पुलिस के अनुसार 20 मार्च 2026 की शाम दीपक के कमरे से जाने के बाद आयुषी ने उसे 38 बार फोन किया, लेकिन उसने कोई कॉल रिसीव नहीं की। कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन और गवाहों के बयानों से यह भी पता चला कि आरोपी के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसका आयुषी विरोध कर रही थी। घटना की रात दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था।
जांच में लगातार मानसिक प्रताड़ना और धोखे से आहत होकर छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
