उचित मूल्य दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग बाल सम्प्रेषण गृह भेजे गए

मुंगेली, 11 जून। मुंगेली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए उचित मूल्य दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल सम्प्रेषण गृह भेजा गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लौदा निवासी जगदीश माथुर ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम ढोठमा में 9 जून की रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ताला तोड़कर चोरी की जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जहां पाया गया कि दुकान से एक बोरी चावल एवं दो बोरी शक्कर (कुल लगभग एक क्विंटल) चोरी कर सोनालिका ट्रैक्टर में लोड किया गया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था।

प्रकरण में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बीट प्रणाली के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से चोरी में प्रयुक्त नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर, चावल, शक्कर तथा एक लोहे का सब्बल जब्त किया। जब्त सामग्री एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 3 हजार रुपये आंकी गई है।

वाहन स्वामी की पहचान होने पर पुलिस ने विशाल साहू (19 वर्ष) एवं विकास उर्फ गोलू साहू (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम ढोठमा से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

वहीं मामले में संलिप्त दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल सम्प्रेषण गृह भेज दिया गया।

मुंगेली पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक श्रीमती शोभा यादव, सहायक उपनिरीक्षक लखीराम नेताम, प्रधान आरक्षक अयोध्या कोशले तथा आरक्षक उमेश सोनवानी, चारूचंद्र नेताम एवं राजचंद्र जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!