अड्डेबाजी चेकिंग में युवक गिरफ्तार, चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा था

बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने अड्डेबाजी चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार को थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी और चाकूबाजों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बीएसपी रोड पर चेकिंग के समय एक युवक ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा पर सवार होकर हाथ में धारदार लोहे का बटनदार चाकू लहराते हुए दिखाई दिया। उसकी हरकतों से आसपास के लोग भयभीत हो रहे थे।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल रजक (19 वर्ष) निवासी विकास नगर वार्ड क्रमांक-15, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का बटनदार चाकू तथा ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!