सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में राजेश जायसवाल का भावभीना विदाई समारोह, 40 वर्षों की सेवा को किया याद

यूनुस मेमन

रतनपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले ड्रेसर ग्रेड-1 राजेश जायसवाल के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह में उपस्थित लोगों ने राजेश जायसवाल का पुष्पगुच्छ एवं शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया और उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।

वक्ताओं ने कहा कि राजेश जायसवाल ने अपने करीब 40 वर्षों के सेवाकाल में मरीजों की निस्वार्थ भाव से सेवा की, जिसमें लगभग 20 वर्ष रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिताए। वे अपनी कुशल कार्यशैली और गंभीर से गंभीर घावों की ड्रेसिंग करने की विशेषज्ञता के लिए पहचाने जाते थे।

कार्यक्रम में विजय चंदेल ने कहा कि राजेश जायसवाल ने हमेशा मुस्कुराते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। कई गंभीर मरीजों को उनकी सेवा और देखभाल से नया जीवन मिला। वहीं विजेंद्र दुबे ने कहा कि उन्होंने कई जटिल मामलों को सफलतापूर्वक संभाला, जहां मरीजों के अंग काटने तक की स्थिति बन गई थी, लेकिन उनकी मेहनत और लगातार देखभाल से मरीज स्वस्थ हुए।

सूर्यप्रकाश जायसवाल ने उनके अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी लगन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन किया। आनंद नगरकर ने एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के गंभीर घाव की लगभग एक माह तक प्रतिदिन ड्रेसिंग कर राजेश जायसवाल ने उसे स्वस्थ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में राजेश जायसवाल ने कहा कि उन्होंने नौकरी की शुरुआत रामानुजगंज से की थी, जिसके बाद उनका स्थानांतरण रतनपुर हुआ। यहां उन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा।

कार्यक्रम का संचालन अनिल शर्मा ने किया, वहीं आभार प्रदर्शन विजेंद्र दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर अमर सिंह यादव, रमा शंकर गुप्ता, रवि राजपूत, सीताराम पटेल, सिब्बू तिवारी, महेंद्र कश्यप, चंद्र कुमार जायसवाल, संतोष कुर्रे, शिव कुमार नागर्ची, गोविंद प्रधान, मो. उस्मान, सुरेश जायसवाल, अधिवक्ता विकल्प दुबे, संकल्प दुबे, स्वप्निल अग्रवाल, सूर्यकांत रजक, प्रवीण प्रजापति, सुधांशु दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने राजेश जायसवाल को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!