चंगाई सभा में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी, पास्टर सहित दो गिरफ्तार

शशि मिश्रा

जांजगीर, 11 जून 2026। जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आयोजित एक ईसाई चंगाई सभा के दौरान हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और देवी-देवताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने पास्टर सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार हिंदू जागरण मंच के जिला प्रशासन संपर्क प्रमुख सतीश सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम उदयबंद के गुड़ीपारा में बद्रीनाथ बरेठ के घर पर चंगाई सभा आयोजित की जा रही है। सभा में बाहर से आए पास्टर और अन्य लोगों द्वारा बीमारी के इलाज के नाम पर लोगों को बुलाया जा रहा था तथा चमत्कारी पानी पिलाकर बाइबल एवं अन्य धार्मिक साहित्य वितरित कर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। शिकायत में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 439/26 के तहत धारा 299 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मौके से मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ (40 वर्ष) निवासी गुड़ीपारा, ग्राम उदयबंद तथा पास्टर रथराम महिलांगे (38 वर्ष) निवासी मूलमुला को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने आसपास के लोगों को बुलाकर बीमारी के इलाज के बहाने ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करने और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने की बात स्वीकार की। मौके से ईसाई धर्म से संबंधित दस्तावेज एवं धार्मिक साहित्य भी जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, भीम कुमार श्रीवास, शंकर राजपूत, विनोद राठौर तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!